इस नवंबर में शुरुआत से ही दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है। ‘फोन भूत’, ‘भेड़िया’, ‘डबल XL’ जैसी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं। वहीं OTT पर भी कई चर्चित फिल्मों का दर्शकों को इंतजार है। इस महीने OTT प्लेटफॉर्म पर कई बड़ी और चर्चित फिल्में रिलीज होने वाली हैं जिनका दर्शक काफी समय से इंतजार कर रहे हैं।आइए, नजर डालते हैं नवंबर में OTT पर रिलीज हो रही फिल्मों पर…
1. ब्रह्मास्त्र –
अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित ‘ब्रह्मास्त्र’ इस साल की सबसे चर्चित बॉलीवुड फिल्म है। यह फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब दर्शकों को फिल्म का OTT पर इंतजार है। फिल्म 4 नवंबर को डिज्नी+ हॉटस्टार पर आएगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में हैं। इनके साथ फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागार्जुन अक्किनेनी और अमिताभ बच्चन भी हैं। फिल्म कुछ मायावी अस्त्रों की कहानी पर आधारित है।
2. पोन्नियन सेल्वन (PS -1) –
मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियन सेल्वन’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े। सिनेमाघरों में यह फिल्म 30 सितंबर को आई थी। फिल्म कल्कि कृष्णमूर्ति के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म का प्लॉट दसवीं शताब्दी के चोल साम्राज्य पर आधारित है। इस फिल्म में जयम रवि, कार्ति, ऐश्वर्या राय, तृषा जैसे कलाकार नजर आए हैं। फिल्म फिलहाल अमेजन प्राइम पर रेंट पर उपलब्ध है। 4 नवंबर से फिल्म सभी सब्सक्राइबर के लिए उपलब्ध होगी।
3. मोनिका ओ माई डार्लिंग –
राजकुमार राव की फिल्म ‘मोनिका ओ माई डार्लिंग’ 11 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस फिल्म में राजकुमार के साथ हुमा कुरैशी और राधिका आप्टे भी नजर आएंगी। यह एक सस्पेंस ड्रामा फिल्म है। इसका निर्देशन वसन बाला ने किया है। वसन नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘स्पॉटलाइट’ और ‘रे’ का भी निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म में सिकंदर खेर और आकांक्षा रंजन कपूर भी नजर आएंगे। सोमवार को ही इस फिल्म का ट्रेलर भी जारी किया गया था।
4. कांतारा –
कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ ने सिनेमाघरों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले यह फिल्म सिर्फ कन्नड़ में रिलीज की गई थी लेकिन इसकी भारी लोकप्रियता को देखते हुए इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज किया गया। फिल्म के सिनेमाई तत्वों की हर तरफ सराहना हुई। अब दर्शकों को फिल्म के OTT पर रिलीज होने का इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 4 नवंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज की जाएगी।
5. ब्रीद इनटु द शैडोज (वेब सीरीज)
अभिषेक बच्चन की 2020 की चर्चित वेब सीरीज ‘ब्रीद इनटु द शैडो’ का सीक्वल भी नवंबर में रिलीज हो रही है। सीजन 2 में एक बार फिर से अभिषेक, अविनाश सबरवाल के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं अमित साध भी पहले की तरह पुलिस अफसर कबीर के किरदार में हैं। नए सीजन में रहस्य और गहरा चुका है। यह सीरीज 9 नवंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।