अक्षय कुमार की ‘राम सेतु’ पर बैन की मांग, पंजाबी इतिहासकार अशोक ने लगाए कई आरोप…

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की ‘राम सेतु’ 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। अब रिलीज के बाद फिर फिल्म से विवाद जुड़ गया है। एक पंजाबी इतिहासकार अशोक कुमार कैंथ ने दावा किया है कि फिल्म उनके शोध कार्य पर आधारित है। उन्होंने फिल्म के मेकर्स को कोर्ट में घसीटने की धमकी दी है। साथ ही उन्होंने इस फिल्म पर बैन लगाने की मांग की है।

आइए जानते हैं पूरा मामला –

फिल्म के मेकर्स पर लगा कॉपीराइट के उल्लंघन का आरोप –

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, श्रीलंका में काम करने वाले रामायण अनुसंधान समिति के विभाग के प्रमुख अशोक कुमार ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनके शोध कार्य और जीवन की कहानी को बिना अनुमति के कॉपी किया गया है। उन्होंने इसे कॉपीराइट के उल्लंघन का मामला बताया है। उन्होंने फिल्म देखने के बाद मेकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि रामायण अनुसंधान समिति का गठन 2006 में किया गया था।

“फिल्म का मुख्य पात्र मेरे जीवन की कहानी पर आधारित है” –

अशोक कुमार ने कहा कि फिल्म का मुख्य पात्र डॉक्टर आर्यन उनकी जीवन की कहानी पर आधारित है।उन्होंने बताया कि उनके शोध कार्य को उनकी अनुमति के बिना फिल्म में उनकी वेबसाइट से लिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में रामायण के तथ्यों की खोज जैसे उन्होंने की थी, उसी घटनाक्रम को फिल्म में पेश किया गया है। बता दें कि अक्षय ने ही फिल्म में पुरातत्त्वविद डॉक्टर आर्यन का किरदार निभाया है।

मुझे विश्वास में लिया जाता, तो कोई आपत्ति नहीं होती- अशोक कुमार कैंथ

अशोक कुमार का कहना है कि अगर उन्हें विश्वास में लिया जाता, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होती। उन्होंने बताया, “फिल्म में वो चीजें दिखाई गई हैं, जो नहीं होनी चाहिए थी। फिल्म और बेहतर होती, अगर मेकर्स कई चीजों पर चर्चा करने के लिए मेरे पास आते, क्योंकि मैंने जमीन पर काम किया है।” उन्होंने कहा कि फिल्म के कुछ दृश्य धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं।

हाल में सुब्रमण्यम स्वामी ने फिल्म की टीम को भेजा था कानूनी नोटिस –

हाल में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने ‘राम सेतु’ को लेकर अभिनेता अक्षय कुमार पर हमला बोला था। उन्होंने फिल्म के विवाद को लेकर अक्षय के साथ ही आठ अन्य लोगों को कानूनी नोटिस भेजा था। उन्होंने दावा किया था कि फिल्म में तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है।उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘मुंबई सिनेमा वाले लोगों को झूठ बोलने और चीजों के गलत इस्तेमाल करने की बुरी आदत है।’

About शिवांकित तिवारी "शिवा"

शौक से कवि,लेखक, विचारक, मुसाफ़िर पेशे से चिकित्सक! शून्य से आरंभ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *